Thursday, April 16, 2026

अनंत नेशनल यूनिवर्सिटी ने UCEED 2026 रैंकर्स के लिए 100% तक छात्रवृत्ति की घोषणा की

अनंत नेशनल यूनिवर्सिटी ने UCEED 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए योग्यता-आधारित छात्रवृत्ति पहल की घोषणा की है। AIR 250 तक रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को 100% तक छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिसके अंतर्गत उनकी पूरी ट्यूशन फीस और हॉस्टल फीस माफ की जाएगी। इसके अलावा, AIR 2500 तक रैंक हासिल करने वाले छात्रों के लिए भी चरणबद्ध (टियरड) छात्रवृत्ति संरचना तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक योग्य छात्रों को इस पहल का लाभ मिल सके।

इसके साथ ही UCEED -योग्य उम्मीदवारों को प्रवेश प्रक्रिया में एक अतिरिक्त सुविधा भी दी जाएगी। उन्हें ADEPT प्रवेश परीक्षा से छूट मिलेगी और बैचलर ऑफ डिज़ाइन (बीडेस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए सीधे इंटरव्यू का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह सरल और सुव्यवस्थित प्रक्रिया UCEED की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, जिससे डिज़ाइन के क्षेत्र में प्रतिभाशाली छात्रों की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने में मदद मिल सके।

यह पहल विश्वविद्यालय की उस व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके तहत प्रतिभाशाली छात्रों को उनकी आर्थिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना विश्वस्तरीय डिज़ाइन शिक्षा तक पहुंच प्रदान करना लक्ष्य है। योग्यता-आधारित छात्रवृत्ति के अलावा, विश्वविद्यालय जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करता है, जिसमें आंशिक से लेकर पूर्ण ट्यूशन फीस माफी तक शामिल हो सकती है। यह सहायता विश्वविद्यालय की आर्थिक सहायता समिति द्वारा छात्रों की पारिवारिक आय, बचत, निवेश और शिक्षा ऋण जैसे विभिन्न आर्थिक पहलुओं का समग्र मूल्यांकन करने के बाद तय की जाती है।

इस पहल पर बात करते हुए युवराजसिंह झाला, चीफ फाइनेंस और अकाउंट्स ऑफिसर तथा हेड – ऑफिस ऑफ ह्यूमन रिसोर्सेस, ने कहा, “अनंत की दृष्टि के अनुरूप हम प्रतिभा में एक रणनीतिक निवेश कर रहे हैं। 100% तक छात्रवृत्ति, जिसमें आवास की सुविधा भी शामिल है, का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश के प्रतिभाशाली छात्र डिज़ाइन को अपने करियर के रूप में चुनें, भविष्य के लिए तैयार पेशेवरों की मजबूत पाइपलाइन बने और इस क्षेत्र में उत्कृष्टता के मानक और ऊंचे हों।”

विश्वविद्यालय रक्षा कर्मियों के परिवारों के लिए भी एक समर्पित छात्रवृत्ति ढांचा प्रदान करता है, जिसके तहत पात्र छात्रों को 100% तक छात्रवृत्ति दी जा सकती है।

इन सभी पहलों के माध्यम से अनंत नेशनल यूनिवर्सिटी यह संदेश देती है कि उच्च गुणवत्ता वाली डिज़ाइन शिक्षा आर्थिक सीमाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विश्वविद्यालय देशभर के विभिन्न आर्थिक, भाषाई, भौगोलिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को डिज़ाइन शिक्षा प्राप्त करने और सार्थक, भविष्य के लिए तैयार करियर बनाने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Recent Articles

Related Stories

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay on op - Ge the daily news in your inbox